हरिद्वार में प्रस्तावित अर्धकुंभ 2027 को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस के पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए माहौल को विवादों में ला दिया है।
अल्मोड़ा में आयोजित एक जनसभा के दौरान राजकुमार ठुकराल ने आरोप लगाया कि 2027 में होने वाले अर्धकुंभ के दौरान सत्ता हासिल करने के लिए भाजपा सरकार किसी प्रकार की अप्रिय घटनाएं करवा सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि सत्ता के लिए दस-बीस लोगों की जान जाने पर भी उन्हें फर्क नहीं पड़ता जैसी टिप्पणी की जिससे राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है।
भाजपा का पलटवार
वहीं भाजपा विधायक विनोद चमोली ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि अर्धकुंभ 2027 को शांतिपूर्ण और बेहतर व्यवस्थाओं के साथ आयोजित किया जाएगा तथा सरकार पूरी तैयारी के साथ काम कर रही है।
विनोद चमोली ने आरोप लगाया कि कांग्रेस जानबूझकर भ्रम फैलाकर माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि अर्धकुंभ जैसे बड़े धार्मिक आयोजन को राजनीति का विषय नहीं बनाया जाना चाहिए।

राजनीतिक बयानबाजी तेज
चमोली ने आगे कहा कि राजकुमार ठुकराल पहले भाजपा में रहते हुए सनातन और संस्कृति की बात करते थे लेकिन अब कांग्रेस में जाने के बाद उनके विचारों में बदलाव हैरान करने वाला है। उन्होंने ठुकराल को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें अपना मूल स्वभाव नहीं बदलना चाहिए।
अर्धकुंभ को लेकर तैयारियां जारी
प्रशासनिक स्तर पर अर्धकुंभ 2027 की तैयारियों पर भी काम जारी है लेकिन इस बीच राजनीतिक बयानबाजी ने माहौल को गरमा दिया है। दोनों दल एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं जिससे यह मुद्दा चर्चा में बना हुआ है।