हरिद्वार के भूपतवाला क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन को लेकर चल रहा विवाद उस समय बढ़ गया जब जांच के लिए पहुंचे जिला खनन अधिकारी कासिम रजा और उत्तराखंड क्रांति दल यूकेडी के नेताओं के बीच तीखी कहासुनी हो गई।
गोकुल रावत ने की शिकायत
जानकारी के अनुसार यूकेडी नेता गोकुल रावत ने इस क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन की शिकायत जिलाधिकारी से की थी। शिकायत के बाद जिला खनन अधिकारी मौके पर जांच के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान यूकेडी जिला अध्यक्ष और अधिकारी के बीच बहस शुरू हो गई जो देखते ही देखते काफी तीखी नोकझोंक में बदल गई।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें दोनों पक्षों के बीच बहस होती दिख रही है। आरोप है कि इस दौरान खनन अधिकारी की ओर से यूकेडी नेताओं को लेकर अभद्र शब्दों का इस्तेमाल किया गया। इसके साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि वीडियो बना रहे एक मीडियाकर्मी का मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की गई।
अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल
यूकेडी नेताओं ने इस व्यवहार पर कड़ी आपत्ति जताई और मौके पर मौजूद अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए। वहीं जिला अध्यक्ष गोकुल रावत का कहना है कि क्षेत्र में प्रशासन और कुछ लोगों की मिलीभगत से बड़े पैमाने पर अवैध खनन हुआ है और अब तक सैकड़ों ट्रॉली मिट्टी निकाली जा चुकी है।
फिलहाल मामला तूल पकड़ता दिख रहा है और इस घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर जांच या कार्रवाई की मांग भी उठ रही है।