हरिद्वार को बम ब्लास्ट से उड़ाने की धमकी देने वाले आरोपी को कोतवाली हरिद्वार पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामले का खुलासा हुआ और आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की गई।
कॉलर ने अभद्र भाषा का किया प्रयोग
एसएसपी हरिद्वार नवनीत भूल्लर ने बताया कि सिटी कंट्रोल रूम हरिद्वार के डायल 112 पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन कर आगामी चार दिनों के भीतर हरिद्वार में बम ब्लास्ट करने की धमकी दी गई थी। कॉलर ने फोन पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए देश और राज्य के वरिष्ठ पदाधिकारियों के संबंध में भी आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली नगर में अज्ञात कॉलर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए धमकी देने वाले मोबाइल नंबर को ट्रेस किया। जांच में आरोपी की पहचान पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पाटा निवासी 30 वर्षीय सोहन सिंह रावत के रूप में हुई।
प्रयुक्त मोबाइल फोन बरामद
जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को रोडीबेलवाला क्षेत्र से हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अत्यधिक शराब के नशे में यह हरकत की थी।
पुलिस जांच में आरोपी का कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है। फिलहाल पुलिस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।