हरिद्वार में चारधाम यात्रा 2026 को सुगम और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने की दिशा में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा की पहल इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। चारधाम यात्रा के दौरान ग्रीन कार्ड बनवाने आने वाले वाहन चालकों और श्रद्धालुओं को अब लंबी प्रतीक्षा के दौरान परेशान नहीं होना पड़ेगा।
परिसर में विशेष एसी वेटिंग हॉल
एआरटीओ निखिल शर्मा के निर्देशन में परिवहन कार्यालय परिसर में विशेष एसी वेटिंग हॉल तैयार किया गया है जहां यात्रियों के बैठने के लिए आरामदायक व्यवस्था के साथ टीवी शुद्ध पेयजल और स्वच्छ शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यही नहीं कार्यालय के बाहर एक हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई है जहां तैनात कार्मिक वाहन चालकों और श्रद्धालुओं को ग्रीन कार्ड प्रक्रिया की पूरी जानकारी देकर उनकी मदद कर रहे हैं।
पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन
तकनीक का बेहतर उपयोग करते हुए कार्यालय परिसर में क्यूआर कोड भी लगाए गए हैं जिससे वाहन चालक सीधे पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इससे प्रक्रिया पहले के मुकाबले कहीं अधिक आसान और पारदर्शी हो गई है।
श्रद्धालुओं की सुविधा और बेहतर व्यवस्थाओं को लेकर एआरटीओ निखिल शर्मा की यह पहल चारधाम यात्रा में आने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है।