हरिद्वार जनपद में मुख्यमंत्री के निर्देश और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के नेतृत्व में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने हरिद्वार शहर से लेकर रुड़की लक्सर और अन्य तहसील क्षेत्रों में सरकारी भूमि सड़क फुटपाथ और नालियों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया।
ललतारो पुल से अपर रोड तक चला अभियान
हरिद्वार शहर में ललतारो पुल से अपर रोड तक चले अभियान के दौरान 80 से अधिक अस्थायी अतिक्रमण हटाए गए। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में नालियों और फुटपाथों पर सामान या निर्माण सामग्री रखने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं रुड़की क्षेत्र में कलियर से धनोरी तक उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की भूमि पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए। इस दौरान 200 से अधिक अवैध रेहड़ी ठेली और खोखे हटाने के साथ तीन स्थायी अतिक्रमण भी ध्वस्त किए गए।
पांच लोगों के चालान
लक्सर बाजार में भी सड़क और फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए तथा पांच लोगों के चालान किए गए। उधर भगवानपुर तहसील प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को स्वयं अतिक्रमण हटाने की चेतावनी देते हुए कल से अभियान शुरू करने की घोषणा की है।
प्रशासन का कहना है कि जनहित सुगम यातायात और सरकारी भूमि की सुरक्षा के लिए अतिक्रमण के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।