हरिद्वार : एक्सपायरी दवाओं और खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। लोगों के स्वास्थ्य से जुड़े इस गंभीर मामले में माननीय उच्च न्यायालय के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण DLSA की निगरानी में गठित 5 सदस्यीय समिति लगातार कार्रवाई कर रही है। समिति की ओर से मेडिकल स्टोर्स और खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।
सेफ ड्रग्स सेफ लाइफ अभियान
डीएलएसए की सचिव सिमरनजीत कौर ने बताया कि सेफ ड्रग्स सेफ लाइफ अभियान के तहत हर महीने मेडिकल स्टोर और अन्य संबंधित प्रतिष्ठानों की जांच की जाती है। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराना तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई करना है।
इसी अभियान के तहत समिति ने हरिद्वार के सुभाष नगर क्षेत्र में 7 से 8 मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया। जांच के दौरान दो मेडिकल स्टोर्स में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं जिसके बाद दोनों दुकानों को मौके पर ही बंद कर दिया गया और संचालकों को नोटिस जारी किए गए।
Not for Sale का चिन्ह
जांच में सामने आया कि कुछ मेडिकल स्टोर्स पर एक्सपायरी दवाओं को नियमानुसार अलग नहीं रखा गया था और उन पर Not for Sale का चिन्ह भी नहीं लगाया गया था। इसके अलावा एक स्थान पर नियमों के विरुद्ध क्लिनिक संचालित होता पाया गया जिस पर समिति ने कार्रवाई की संस्तुति की है।
समिति ने सभी मामलों में नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की सिफारिश की है। अधिकारियों का कहना है कि दवाओं की गुणवत्ता और लोगों की सेहत के साथ किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने किया साफ
प्रशासन ने साफ किया है कि जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले मेडिकल संचालकों और खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि लोगों को सुरक्षित दवाएं और खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।