धर्मनगरी हरिद्वार में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान उस समय तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई जब स्थानीय लोगों ने सेट पर लगाए गए बार और रेस्टोरेंट के बोर्डों का कड़ा विरोध किया। मामला श्रवण नाथ नगर स्थित भाटिया भवन का है जहां मुंबई से आई एक फिल्म की शूटिंग चल रही थी।
धर्मनगरी की पवित्रता के विपरीत दृश्य
जानकारी के अनुसार शूटिंग के दौरान गंगा किनारे स्थित इमारत पर बार एंड रेस्टोरेंट के बोर्ड लगाए गए थे। जैसे ही स्थानीय लोगों ने इन बोर्डों को देखा वे नाराज हो गए और मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। लोगों का कहना था कि धर्मनगरी हरिद्वार की पवित्रता और गरिमा के विपरीत इस प्रकार के दृश्य प्रस्तुत किए जा रहे हैं।
विरोध बढ़ने पर मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई और स्थानीय लोगों तथा मुंबई से आए फिल्म शूटिंग क्रू मेंबर्स के बीच धक्का-मुक्की भी देखने को मिली। स्थिति तनावपूर्ण होती देख टीम ने तुरंत लगाए गए बार के बोर्ड हटा दिए।

सांस्कृतिक भावनाओं का सम्मान जरूरी
स्थानीय लोगों ने इस घटना को धर्मनगरी हरिद्वार की गरिमा के खिलाफ बताया और कहा कि यहां धार्मिक और सांस्कृतिक भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। वहीं शूटिंग टीम की ओर से कहा गया कि उनके पास शूटिंग की विधिवत अनुमति थी और वे निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही कार्य कर रहे थे।
हालांकि विवाद के बाद मामला शांत हो गया और शूटिंग टीम ने आगे की प्रक्रिया जारी रखी।