हरिद्वार : बहादराबाद थाना क्षेत्र के बढ़ेड़ी राजपूतान में हुए दर्दनाक हादसे के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर लोहे का गाटर गिरने से दो कांवड़ियों की मौत हो गई थी। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
एसएसपी ने जताया दुख
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने घटना को बेहद दुखद बताते हुए कहा कि निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर हुई दुर्घटना के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस की टीम मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ हादसे के लिए जिम्मेदार संभावित कारणों और संबंधित लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
एसएसपी ने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान यदि किसी व्यक्ति संस्था या जिम्मेदार अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाना और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना है।
हादसे से जुड़े पहलुओं की जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है जिसमें निर्माण कार्य की स्थिति सुरक्षा मानकों का पालन और संबंधित जिम्मेदार लोगों की भूमिका शामिल है। जांच पूरी होने के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे ने कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा इंतजामों और निर्माणाधीन परियोजनाओं में सावधानी बरतने को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। प्रशासन की ओर से मामले पर लगातार नजर रखी जा रही है।