हरिद्वार : कांवड़ यात्रा के बीच हरिद्वार की उपनगरी ज्वालापुर से एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है। जटवाड़ा पुल के पास नहर में स्नान करने के दौरान चार नाबालिग कांवड़ियों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद कांवड़ यात्रा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
चंडीगढ़ से हरिद्वार गंगाजल लेने आए कांवड़िए
बताया जा रहा है कि चारों कांवड़िए चंडीगढ़ से हरिद्वार गंगाजल लेने आए कांवड़ियों के एक दल में शामिल थे। सभी की उम्र करीब 16 से 18 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हादसा उस समय हुआ जब वे जटवाड़ा पुल के पास नहर में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जल पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर काफी प्रयासों के बाद चारों कांवड़ियों के शव नहर से बरामद किए गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
घाटों पर सुरक्षा के इंतजाम
एसपी सिटी अभय सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रा को देखते हुए प्रशासन की ओर से घाटों पर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और एसडीआरएफ के जवानों की भी तैनाती की गई है। इसके बावजूद चारों कांवड़िए निर्धारित घाट से अलग स्थान पर जाकर नहर में स्नान कर रहे थे जहां यह हादसा हो गया।
प्रशासन और पुलिस की ओर से लगातार श्रद्धालुओं से अपील की जा रही है कि वे केवल निर्धारित और सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें। चेतावनी वाले स्थानों और गहरे पानी वाले क्षेत्रों में जाने से बचें ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत रखा जा रहा है तथा श्रद्धालुओं से नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है।