धर्मनगरी हरिद्वार में कांवड़ यात्रा को लेकर तैयारियों का दौर तेज हो गया है। बाबा भोले के भक्तों के स्वागत के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह तैयारियों में जुट गए हैं। 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा और 11 अगस्त को होने वाली महाशिवरात्रि को देखते हुए हरिद्वार पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष रणनीति तैयार की है।
व्यापार मंडल के साथ बैठक
कांवड़ यात्रा की तैयारियों की कमान खुद हरिद्वार के एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर संभाल रहे हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा यात्रा को सकुशल और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए लगातार बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में व्यापार मंडल गंगा सभा और टैक्सी-टेंपो यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठकें पूरी की जा चुकी हैं जिसमें यात्रा के दौरान आने वाली व्यवस्थाओं और चुनौतियों पर चर्चा की गई।
कांवड़ यात्रा को लेकर 17 जुलाई को अंतरराज्यीय पुलिस अधिकारियों की एक बड़ी बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में उत्तर प्रदेश हरियाणा पंजाब दिल्ली चंडीगढ़ राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के पुलिस अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में राज्यों के बीच बेहतर समन्वय यातायात व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को लेकर रणनीति बनाई जाएगी।
एक्सप्रेस-वे को लेकर प्लान तैयार
इस बार कांवड़ यात्रा के दौरान एक्सप्रेस-वे और प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए नया रूट प्लान तैयार किया जा रहा है। पुलिस का प्रयास है कि कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और यात्रा सुचारू रूप से संचालित हो।
सुरक्षा के लिहाज से भी इस बार विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। भारी पुलिस बल की तैनाती के साथ ही संवेदनशील स्थानों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। आधुनिक तकनीक और निगरानी तंत्र के माध्यम से यात्रा के दौरान हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना प्राथमिकता है। प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने में जुटा हुआ है।