कनखल क्षेत्र स्थित गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के पास कांवड़ यात्री को गोली मारने की सनसनीखेज घटना का हरिद्वार पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए चार आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को घटना में प्रयुक्त बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य आरोपियों से भी पूछताछ की जा रही है।
यात्रियों का युवकों से विवाद
पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश और हरियाणा से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ यात्रियों का रास्ते में 6-7 बाइक सवार युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच मामूली कहासुनी हुई लेकिन देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान बाइक सवार युवकों ने फायरिंग कर दी जिसमें हरियाणा के पानीपत निवासी अजय गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल अजय को तत्काल उपचार के लिए भूमानंद अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया जहां उनका इलाज जारी है।
आरोपियों की पहचान के लिए साक्ष्य खंगाले
मामले की सूचना मिलते ही कनखल पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान करने के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी शिवराज को घटना में प्रयुक्त बाइक सहित पकड़ लिया।
इसके बाद पुलिस ने आदित्य कुमार हेमंत कुमार और वंश गुप्ता को भी हिरासत में ले लिया। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
अन्य फरार आरोपियों की तलाश
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसएसपी हरिद्वार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।