जनपद में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत हो गई है। जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग ने मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। अभियान के तहत जिले के 1715 बूथ लेवल अधिकारी बीएलओ घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता का सत्यापन करेंगे और निर्वाचन नामावली को अद्यतन करने का कार्य करेंगे।
युवाओं को मतदाता सूची में शामिल होने का अवसर
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में एडीएम प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी जितेंद्र कुमार ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान ऐसे युवाओं को भी मतदाता सूची में शामिल होने का अवसर मिलेगा जिनकी आयु 1 जुलाई 2026 तक 18 वर्ष पूर्ण हो जाएगी। पात्र युवा आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर अपने नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान मृत स्थानांतरित तथा डुप्लीकेट मतदाताओं की पहचान कर उनके विवरण को सूची से हटाने अथवा संशोधित करने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी। इससे निर्वाचन नामावली अधिक सटीक और पारदर्शी बन सकेगी। बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे और आवश्यक जानकारी एकत्रित करेंगे।
नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील
जितेंद्र कुमार ने सभी राजनीतिक दलों बीएलओ और आम नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना आवश्यक है। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में नहीं है तो उसे इस अभियान के दौरान अवश्य जुड़वाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य शत-प्रतिशत शुद्ध एवं पारदर्शी निर्वाचन नामावली तैयार करना है ताकि आगामी चुनावों में सभी पात्र मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि बीएलओ के सत्यापन कार्य में सहयोग करें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं जिससे मतदाता सूची को अधिक प्रभावी और विश्वसनीय बनाया जा सके।