सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ अभद्र टिप्पणी और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। मामले का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया और आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया।
लोगों ने की शिकायत
जानकारी के अनुसार एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था जिसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए नजर आ रहा था। वीडियो के वायरल होने के बाद लोगों ने इसकी शिकायत पुलिस से की जिसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए सिडकुल कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
पुलिस जांच में आरोपी की पहचान अतीक अहमद के रूप में हुई है जो सिडकुल कोतवाली क्षेत्र के रोशनाबाद का निवासी बताया जा रहा है। पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
आपत्तिजनक कंटेंट को हटाने की प्रक्रिया
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही सोशल मीडिया पर साझा किए गए आपत्तिजनक कंटेंट को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर किसी भी व्यक्ति संस्था या संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति के खिलाफ आपत्तिजनक और भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से भी सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की भ्रामक आपत्तिजनक या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली सामग्री पोस्ट करने से बचें अन्यथा कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट की गतिविधियों को भी खंगाला जा रहा है।