मसूरी : उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने मसूरी में एक होटल के सभागार में पत्रकार वार्ता कर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने मसूरी में आयोजित होने वाली अल्ट्रा मैराथन दौड़ की पोशाक का अनावरण भी किया। साथ ही मसूरी के कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर उन्हें एकजुट होकर पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए हरीश रावत ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड की भाजपा सरकार प्रदेश की बहुमूल्य संपत्तियों को पूंजीपतियों को कौड़ियों के भाव बेच रही है। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष प्रदेश के हितों से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाता है तो भाजपा उसका विरोध करने लगती है। उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश की संपत्तियों और संसाधनों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को लेकर उठाए सवाल
हरीश रावत ने प्रदेश में बढ़ते ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिल्ली से देहरादून एक्सप्रेसवे का निर्माण तो कर दिया गया लेकिन शहरों की आंतरिक सड़कों को विकसित करने पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।
उन्होंने कहा कि एक्सप्रेसवे के कारण पर्यटक दिल्ली से देहरादून दो से तीन घंटे में पहुंच रहे हैं लेकिन देहरादून शहर से बाहर निकलने में उन्हें कई घंटे लग जाते हैं। इससे स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि सरकार को पहले शहरों की आंतरिक सड़कों को बेहतर बनाने और यातायात व्यवस्था सुधारने पर ध्यान देना चाहिए था। यदि एक्सप्रेसवे से पहले आंतरिक सड़क व्यवस्था को मजबूत किया जाता तो प्रदेशवासियों और पर्यटकों को काफी राहत मिलती।
मसूरी की पार्किंग व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा
पूर्व मुख्यमंत्री ने मसूरी में पार्किंग की समस्या को लेकर भी भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान मसूरी में पार्किंग निर्माण को स्वीकृति दी गई थी लेकिन भाजपा सरकार के कार्यकाल में एक भी कार पार्किंग का निर्माण नहीं हो पाया।
उन्होंने कहा कि पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण पर्यटकों को अपने वाहन सड़कों के किनारे खड़े करने पड़ते हैं जिससे शहर में जाम की समस्या और बढ़ जाती है। पर्यटन नगरी मसूरी में आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए लेकिन पार्किंग की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
गणेश जोशी पर भी साधा निशाना
पत्रकार वार्ता के दौरान हरीश रावत ने मसूरी विधायक और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी पर भी टिप्पणी की। उन्होंने शक्तिमान घोड़े से जुड़े प्रकरण का जिक्र करते हुए कहा कि इस मामले में न्यायालय में सुनवाई चल रही है। उन्होंने इस मुद्दे को लेकर भी भाजपा सरकार और मंत्री पर निशाना साधा।
मसूरी विधानसभा सीट को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अनुभवी और मजबूत दावेदार मौजूद हैं। इस बार मसूरी विधानसभा सीट कांग्रेस की झोली में आएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव की तैयारियों में जुटने की अपील की।
2027 में 45 प्लस सीटों का लक्ष्य लेकर उतरेगी कांग्रेस
हरीश रावत ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता कांग्रेस की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है। कांग्रेस पार्टी इस बार 45 प्लस सीटों का लक्ष्य लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी और प्रदेश में सरकार बनाएगी।
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उत्तराखंड दौरे के दौरान भाजपा की ओर से दिए गए 65 प्लस सीटों के नारे को भ्रमित करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करेगी। प्रदेश के सभी कांग्रेस नेता एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे और पार्टी को सत्ता में लाने के लिए मिलकर काम करेंगे।
हरिद्वार विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की जताई इच्छा
पूर्व मुख्यमंत्री ने हरिद्वार विधानसभा सीट को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र की जनता चाहती है कि वह इस सीट से चुनाव लड़ें। उनकी भी इच्छा है कि हरिद्वार की जनता का प्यार और आशीर्वाद उन्हें मिले।
उन्होंने संकेत दिया कि हरिद्वार की जनता के साथ उनका विशेष जुड़ाव है और यदि उन्हें वहां से चुनाव लड़ने का अवसर मिलता है तो उन्हें जनता का समर्थन मिलने की उम्मीद है।
रेखा आर्य के भवन को लेकर भी की टिप्पणी
पत्रकार वार्ता के दौरान हरीश रावत ने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से जुड़े भवन निर्माण के मुद्दे पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में वह सोशल मीडिया पर अपनी भावनाएं पहले ही व्यक्त कर चुके हैं। उन्होंने भवन के आकार की तुलना राजभवन से करते हुए टिप्पणी की और भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।
हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश की जनता सरकार की कार्यप्रणाली को देख रही है और आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी। उन्होंने दावा किया कि इस बार जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करने का काम करेगी और कांग्रेस प्रदेश में सरकार बनाएगी।
कुल मिलाकर मसूरी में हुई इस पत्रकार वार्ता के दौरान हरीश रावत ने भाजपा सरकार को प्रदेश की संपत्तियों ट्रैफिक व्यवस्था पार्किंग भ्रष्टाचार और विकास के मुद्दों पर घेरा। साथ ही 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की रणनीति और 45 प्लस सीटों के लक्ष्य को भी सामने रखा।