उच्च हिमालयी लोकपाल घाटी में स्थित सिख धर्म के पवित्र आस्था केंद्र हेमकुंड साहिब धाम की यात्रा ने रफ्तार पकड़ ली है। गोविंदघाट बेस कैंप से लेकर गोविंद धाम और आगे हेमकुंड साहिब आस्था पथ तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। पूरे मार्ग पर संगतें गुरु महाराज जी के जयकारों के साथ दर्शन के लिए आगे बढ़ रही हैं।
वाहे गुरु जी की कृपा के जयकारें
श्रद्धालु सुबह से ही कठिन और दुर्गम आस्था पथ को पार करते हुए गुरु गोबिंद सिंह महाराज की पावन तपस्थली हेमकुंड साहिब धाम के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। यात्रा मार्ग में हर ओर वाहे गुरु जी की कृपा का भाव और भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है।
यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के कारण पूरी भ्यूंडार-लोकपाल घाटी में उत्साह का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों और कारोबारियों के चेहरे भी खिले नजर आ रहे हैं यात्रा सीजन के चलते क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों में तेजी आई है।
80 हजार श्रद्धालुओं ने टेका मत्था
प्रशासन और संबंधित व्यवस्थाओं के अनुसार कपाट खुलने के बाद से अब तक लगभग 80 हजार श्रद्धालु हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा में मत्था टेक चुके हैं। श्रद्धालुओं की यह बढ़ती संख्या यात्रा के प्रति गहरी आस्था और उत्साह को दर्शाती है।
पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और सुविधाओं के बीच श्रद्धालुओं की यात्रा सुगमता के साथ जारी है जिससे हेमकुंड साहिब धाम एक बार फिर श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।