भारतीय सैन्य अकादमी IMA देहरादून में 158वीं पासिंग आउट परेड का भव्य आयोजन किया गया जिसमें देश और विदेश के कुल 515 अधिकारी कैडेट्स ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा कर सेना में अधिकारी के रूप में प्रवेश किया।
34 विदेशी अधिकारी कैडेट पास आउट
इस बैच में 481 भारतीय अधिकारी कैडेट शामिल रहे जबकि 16 मित्र देशों के 34 विदेशी अधिकारी कैडेट भी पास आउट हुए। सभी कैडेट्स अब भारतीय सेना और अपने-अपने देशों की सेनाओं में नई जिम्मेदारियां संभालेंगे। इस ऐतिहासिक परेड की मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रहीं। कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहे।
परेड कई मायनों में विशेष
इस बार की पासिंग आउट परेड कई मायनों में विशेष रही पहली बार IMA में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली 9 महिला कैडेट्स ने भी सफलतापूर्वक अंतिम पग पार किया और परेड में कदमताल करते हुए सेना का हिस्सा बनीं। इन महिला कैडेट्स ने एक वर्ष का कठोर सैन्य प्रशिक्षण पूरा किया। इस अवसर पर पूरे समारोह में अनुशासन गर्व और देशभक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला।