मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित समाधान के उद्देश्य से कलक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी सीडीओ डॉ. जी.एस. खाती की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।
शिकायतों को दें प्राथमिकता
कार्यक्रम में प्राप्त सभी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुना गया और उनके निस्तारण की प्रक्रिया अपनाई गई। जनता मिलन कार्यक्रम में कुल 94 शिकायतें दर्ज की गईं जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। शेष प्रकरणों के संबंध में मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए निर्धारित समयावधि के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
जनता द्वारा उठाई गई प्रमुख समस्याओं में पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति सड़क निर्माण एवं सुधार प्रधानमंत्री आवास योजना आयुष्मान कार्ड कृषि उद्यान सिंचाई उरेड़ा जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा समाज कल्याण तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली से संबंधित मुद्दे शामिल रहे।
जनता के बीच संवाद
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता संवेदनशीलता और तत्परता के साथ समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जनता मिलन कार्यक्रम शासन और जनता के बीच संवाद का एक प्रभावी माध्यम है जिसके माध्यम से प्राप्त हर शिकायत का निष्पक्ष पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।