डोईवाला : विधानसभा क्षेत्र के धनयाड़ी में जंगली हाथी के हमले में अंजली गुप्ता की दर्दनाक मृत्यु के विरोध में ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। घटना से आक्रोशित सैकड़ों ग्रामीणों ने परवादून जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल पूर्व जिला पंचायत सदस्य अश्विनी बहुगुणा डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह चौधरी बड़ासी ग्राम प्रधान राहुल मनवाल हेमा पुरोहित सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने धनयाड़ी एयरपोर्ट राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।
लोगों में भय का माहौल
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि क्षेत्र में लगातार जंगली हाथियों की आवाजाही से लोगों में भय का माहौल बना हुआ है और वन विभाग समय रहते प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रहा है जिसके कारण एक निर्दोष महिला की जान चली गई। परवादून जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि धनयाड़ी की घटना अत्यंत दुखद और वन विभाग की गंभीर लापरवाही का परिणाम है। पहले भी इस जंगली हाथी के द्वारा कई लोगों को मौत के घाट उतारा गया है। ग्रामीण लंबे समय से जंगली हाथियों के आतंक से परेशान हैं लेकिन सरकार और वन विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 48 घंटे के भीतर संबंधित जंगली हाथी को रेस्क्यू कर सुरक्षित अन्य क्षेत्र में नहीं भेजा गया तो कांग्रेस ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।
सरकारी नौकरी देने की मांग
उन्होंने मांग की कि पीड़ित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए पर्याप्त आर्थिक सहायता प्रदान की जाए तथा हाथियों के बढ़ते खतरे से निपटने के लिए स्थायी समाधान लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन और वन विभाग ने शीघ्र कार्रवाई नहीं की तो ग्रामीणों का आंदोलन और तेज किया जाएगा। वही वन विभाग रेंजर व वरिष्ठ अधिकारी से वार्ता के पश्चात धरना समाप्त किया गया। रेंजर द्वारा कल दोपहर डीएफओ से ग्रामीणों की वार्ता कराने की बात की गई है। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।