आगामी कांवड़ मेला 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने ऋषिकेश क्षेत्र में कांवड़ यात्रा मार्ग और आईडीपीएल मैदान का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि 25 जुलाई तक हर हाल में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कंट्रोल रूम की व्यवस्था सुनिश्चित
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ियों के लिए यात्रा मार्ग पर पर्याप्त मात्रा में पेयजल अस्थायी शौचालय पार्किंग प्रकाश व्यवस्था मेडिकल कैंप सीसीटीवी कैमरे और कंट्रोल रूम की व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी व्यवस्था में लापरवाही न बरती जाए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने यात्रा मार्ग की मरम्मत घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था नियमित सफाई फॉगिंग और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु ऋषिकेश और आसपास के क्षेत्रों से गुजरेंगे इसलिए सभी व्यवस्थाएं सुचारु और व्यवस्थित रहनी चाहिए।
अवैध दुकान लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर अवैध रूप से दुकान लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही श्रद्धालुओं से निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने वाले दुकानदारों और ओवररेटिंग करने वालों पर भी कड़ी निगरानी रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि कांवड़ मेला आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग समयबद्ध तरीके से अपने दायित्वों का निर्वहन करें ताकि मेले का आयोजन शांतिपूर्ण सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
लाखों शिवभक्तों के पहुंचने की संभावना
जिला प्रशासन के अनुसार इस वर्ष कांवड़ मेला 30 जुलाई से 11 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा। मेले के दौरान लाखों शिवभक्तों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा यातायात स्वास्थ्य सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर व्यापक कार्ययोजना तैयार की है।