हरिद्वार कांवड़ मेले की औपचारिक शुरुआत के साथ ही हरिद्वार में करोड़ों शिवभक्तों के आगमन को देखते हुए नगर निगम ने स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। मेले के दौरान प्रमुख गंगा घाटों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई के लिए आधुनिक ऑटोमैटिक स्वीपिंग मशीनों का संचालन शुरू कर दिया गया है।
प्रमुख गंगा घाटों पर आधुनिक सफाई
नगर निगम के अनुसार हरकी पैड़ी घंटाघर सुभाष घाट सहित प्रमुख गंगा घाटों पर अब आधुनिक मशीनों की सहायता से नियमित सफाई की जाएगी। इन मशीनों के उपयोग से घाटों पर जमा होने वाले कचरे को कम समय में बेहतर गुणवत्ता के साथ हटाया जा सकेगा जिससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध होगा।
नगर आयुक्त नंदन कुमार ने बताया कि कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी सीएसआर के तहत प्राप्त ऑटोमैटिक स्वीपिंग मशीनों का संचालन शुरू कर दिया गया है। चरणबद्ध तरीके से कुल 10 मशीनों को सफाई अभियान में लगाया जाएगा ताकि मेले के दौरान बढ़ने वाली भीड़ के बीच सफाई व्यवस्था प्रभावित न हो।
घाटों पर कचरा एकत्र
उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरकी पैड़ी और अन्य घाटों पर स्नान एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। इस दौरान घाटों पर बड़ी मात्रा में कचरा एकत्र हो जाता है। आधुनिक तकनीक से लैस ये मशीनें कम समय में अधिक क्षेत्र की सफाई करने में सक्षम हैं जिससे स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सकेगा।
नगर आयुक्त ने बताया कि मशीनों के प्रभावी संचालन के लिए नगर निगम के कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से कर्मचारियों को मशीनों के सुरक्षित संचालन रखरखाव और बेहतर उपयोग की जानकारी दी जा रही है ताकि पूरे मेले के दौरान सफाई व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की जा सके।
श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध
नगर निगम का उद्देश्य कांवड़ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए मशीनों के साथ-साथ सफाई कर्मचारियों की अतिरिक्त तैनाती नियमित निगरानी और कचरा निस्तारण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है।