आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ मेले को सुगम सुव्यवस्थाएं सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी विभागों को निर्देश दिए कि कांवड़ मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं हर हाल में 25 जुलाई तक पूरी कर ली जाएं।
यातायात व्यवस्था पर चर्चा
इस वर्ष कांवड़ मेला 30 जुलाई से 11 अगस्त तक आयोजित होगा। बैठक के दौरान यातायात व्यवस्था सुरक्षा प्रबंधन भीड़ नियंत्रण पार्किंग व्यवस्था संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर विशेष सुरक्षा प्रबंध सीसीटीवी निगरानी बैरिकेडिंग आपदा प्रबंधन तथा आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि कांवड़ यात्रा 2026 सकुशल संपन्न हो इसके लिए सभी विभागों के साथ बैठक आयोजित हो रही है। पुलिस विभाग के सभी अधिकारीगण और विभाग के सभी अधिकारियों के साथ बैठक की गई है। जहां-जहां पर कार्य किया जाना है उसकी समीक्षा भी की गई है। एनएच के भी कई कार्य चल रहे है साथ ही कुंभ मेले की तैयारियों पर भी फोकस है। उसी के साथ कांवड़ यात्रा को देखते हुए पीडब्ल्यूडी बिजली पानी नगर निगम खाद्य पूर्ति और मानसून की शुरुआत भी हो चुकी है।
जिलाधिकारी ने की शिव भक्तों से अपील
उन्होंने कहा कि सभी चुनौतियों को देखते हुए कांवड़ मेला सकुशल सम्पन्न हो उसपर चर्चा की गई है। जुलाई अंत से लेकर मध्य अगस्त तक कांवड़ यात्रा चलेगी इसको देखते हुए रूट प्लान और ट्रैफिक व्यवस्था पर चर्चा की गई है। प्रतिवर्ष कांवड़ यात्रा मेले में श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी होती है सभी शिव भक्तों का हरिद्वार में स्वागत है। वहीँ जिलाधिकारी ने सभी शिव भक्तों से अपील की कि मां गंगा की स्वच्छता का ध्यान रखें और कूड़े को उचित स्थान पर ही रखें। सुनिश्चित करें कि यह कांवड़ मेला एक हरित कांवड़ मेले की तर्ज पर हो। उन्होंने सभी से सहयोग की अपील की है।