हरिद्वार : धर्मनगरी हरिद्वार में चल रही कांवड़ यात्रा में इस बार भक्ति के साथ देशभक्ति का अनोखा रंग भी देखने को मिल रहा है। गंगा जल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे शिवभक्तों के बीच एक ऐसी खास कांवड़ आकर्षण का केंद्र बनी हुई है जो भगवान शिव की आराधना के साथ देश के वीर जवानों को सम्मान का संदेश दे रही है।
शिवभक्तों ने तैयार की विशेष कांवड़
हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर लौट रहे कांवड़ियों के बीच बहादराबाद टोल प्लाजा के पास दिल्ली से आए तीन शिवभक्तों की तैयार की गई विशेष कांवड़ लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रही है। इस कांवड़ को अग्नि-5 मिसाइल परमाणु शक्ति और तिरंगे की थीम पर तैयार किया गया है। इसकी अनोखी डिजाइन देखने के लिए राहगीर भी रुकते नजर आए और शिवभक्ति के साथ देशभक्ति के इस जज्बे की सराहना की।
कांवड़ यात्रा कर रहे दीपांशु भोला ने बताया कि यह विशेष कांवड़ देश की सीमाओं पर तैनात भारतीय सैनिकों को समर्पित है। उन्होंने कहा कि देश के जवान कठिन परिस्थितियों में रहकर राष्ट्र की सुरक्षा करते हैं इसलिए उनके सम्मान और युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना जगाने के उद्देश्य से इस तरह की थीम पर कांवड़ तैयार की गई है।
पिछले वर्ष ब्रह्मोस मिसाइल की थीम पर कांवड़
दीपांशु भोला ने बताया कि पिछले वर्ष उन्होंने ब्रह्मोस मिसाइल की थीम पर कांवड़ तैयार की थी। इस बार उन्होंने अग्नि-5 मिसाइल और परमाणु शक्ति को अपनी कांवड़ की थीम बनाया है। उनका उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ देश के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी का संदेश देना है।
इस अनोखी कांवड़ में तिरंगे के रंगों और देश की सामरिक शक्ति को दर्शाने वाले प्रतीकों को शामिल किया गया है। कांवड़ यात्रा मार्ग से गुजरते समय यह कांवड़ श्रद्धालुओं और आम लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
राष्ट्रभक्ति के संगम की तस्वीर
हरिद्वार से गुजर रही यह खास कांवड़ शिवभक्ति और राष्ट्रभक्ति के संगम की तस्वीर पेश कर रही है। श्रद्धालुओं का कहना है कि ऐसी पहल युवाओं को देश के प्रति सम्मान और भारतीय सेना के प्रति गौरव की भावना से जोड़ने का काम करती है।