हरिद्वार में आगामी कांवड़ यात्रा और कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रिंग रोड परियोजना के तहत बहादराबाद बाईपास से जगजीतपुर तक निर्माणाधीन फ्लाईओवर कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
30 जून तक कार्य पूरा करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदाई संस्था और संबंधित ठेकेदारों को निर्देश दिए कि 30 जून तक पूरे किए जा सकने वाले सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेले के दौरान किसी भी प्रकार का सड़क निर्माण कार्य नहीं होगा इसलिए सभी जरूरी कार्य समय रहते पूरे किए जाएं।
विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए श्रमिकों और डंपरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी दिए। साथ ही भूमि संबंधी समस्याओं वृक्ष कटान और अन्य बाधाओं के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर जोर दिया। प्रशासन का लक्ष्य कांवड़ यात्रा और कुंभ मेले के दौरान यातायात को सुगम और व्यवस्थित बनाए रखना है।