मसूरी : सावन मास में गंगाजल लेने के लिए उत्तराखंड पहुंच रहे लाखों कांवड़ यात्रियों के लिए शासन-प्रशासन की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। कांवड़ यात्रियों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अलग-अलग रूट भी निर्धारित किए गए हैं। इसके बावजूद कई कांवड़ यात्री मसूरी जाने की कोशिश कर रहे हैं जिसको लेकर पुलिस और यात्रियों के बीच विवाद की स्थिति बन रही है।
विकासनगर मार्ग से जाने की अपील
मसूरी आने वाले मार्गों पर स्थित कोठालगेट और कोल्हूखेत पुलिस चेक पोस्ट पर लगातार कांवड़ यात्रियों को रोका जा रहा है। पुलिसकर्मियों द्वारा यात्रियों को प्रशासन द्वारा निर्धारित वाया विकासनगर मार्ग से यमुनोत्री और गंगोत्री की ओर जाने की अपील की जा रही है लेकिन कई यात्री मसूरी जाने की जिद पर अड़ जाते हैं। इस दौरान कई बार पुलिस और कांवड़ यात्रियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिल रही है।
कोठालगेट स्थित पुलिस चेक पोस्ट पर सैकड़ों की संख्या में कांवड़ यात्री पहुंच गए और मसूरी जाने की मांग करने लगे। पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया और बताया कि कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन की ओर से रूट निर्धारित किया गया है जिसका पालन करना जरूरी है। लेकिन मसूरी जाने से रोके जाने पर कुछ यात्रियों का गुस्सा बढ़ गया और उनकी पुलिसकर्मियों से बहस हो गई।
नियमों के तहत मसूरी प्रवेश
पुलिस ने यात्रियों को बताया कि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए उन्हें वाया विकासनगर मार्ग से आगे भेजा जा रहा है। वहीं कांवड़ यात्री नितिन का कहना है कि उन्हें निर्धारित रूट की जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि उनके कुछ साथी मसूरी में रुके हुए हैं और वे भी मसूरी जाना चाहते हैं। उनका कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से और नियमों के तहत मसूरी जाना चाहते हैं लेकिन पुलिस उन्हें जाने की अनुमति नहीं दे रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा तय किए गए रूट का पालन कराया जा रहा है। पुलिस ने सभी यात्रियों से सहयोग करने और निर्धारित मार्ग से ही यात्रा करने की अपील की है।