करण माहरा कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष हरिद्वार पहुंचे। यहां देवपुरा स्थित कांग्रेस कार्यालय में उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में आगामी चुनावों की तैयारियों संगठन को मजबूत करने और जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने का आह्वान
बैठक के दौरान करण माहरा ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है और आने वाले चुनावों में पार्टी मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी।
महंगाई पर सरकार को घेरा
मीडिया से बातचीत के दौरान करण माहरा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर तंज कसते हुए कहा कि आम आदमी की आर्थिक स्थिति ऐसी हो गई है कि लोग सोना खरीदने की स्थिति में ही नहीं बचे हैं। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई और आर्थिक दबाव ने लोगों की कमर तोड़ दी है। करण माहरा ने कहा कि अगर यही हालात बने रहे तो इसका असर आने वाले कुंभ मेले पर भी देखने को मिल सकता है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और आम लोगों की आर्थिक क्षमता प्रभावित होने से धार्मिक आयोजनों पर भी असर पड़ना स्वाभाविक है।
विकास कार्यों को लेकर विचार
बैठक में मौजूद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी स्थानीय समस्याओं बेरोजगारी महंगाई और विकास कार्यों को लेकर अपने विचार रखे। करण माहरा ने सभी कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को उठाने और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।