रानीखेत में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा ने केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर विभिन्न मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। स्प्रिंग फील्ड कैंप कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले को उठाते हुए सरकार से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
नकदी गायब होने में बड़े लोगों को बचाने का प्रयास
माहरा ने आरोप लगाया कि भाजपा राम मंदिर के नाम पर सत्ता में आई लेकिन अब मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि चांदी के आभूषण और नकदी गायब होने के मामले में बड़े लोगों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने एपस्टीन फाइल का भी उल्लेख किया।
उन्होंने भाजपा सरकार पर भर्ती घोटाले पेपर लीक नीट परीक्षा में अनियमितताओं महिलाओं की सुरक्षा किसानों के उत्पीड़न और लंबित जांचों को लेकर भी सवाल उठाए। साथ ही आरोप लगाया कि राम मंदिर से जुड़े कथित चढ़ावा चोरी मामले में भाजपा से जुड़े संगठनों की चुप्पी भी सवाल खड़े करती है।
रामलला के सम्मान में विशाल रैली
करण माहरा ने कहा कि भाजपा राम और धर्म का इस्तेमाल सत्ता हासिल करने के लिए करती है। उन्होंने बताया कि रामलला के सम्मान में कांग्रेस मैदान में अभियान के तहत रानीखेत में कांग्रेस पार्टी एक विशाल रैली निकालेगी जिसमें राम मंदिर के कथित चढ़ावा चोरी मामले के विरोध में प्रदर्शन किया जाएगा।