देहरादून : कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में देहरादून में रन फॉर कारगिल हीरोज़ मैराथन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग करते हुए मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और स्वयं भी दौड़ में शामिल होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
मैराथन में सैकड़ों लोगों ने लिया हिस्सा
मैराथन में सैकड़ों नागरिकों पूर्व सैनिकों जवानों युवाओं और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला और प्रतिभागियों ने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके साहस और बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि कारगिल विजय भारतीय सेना के अदम्य साहस पराक्रम और राष्ट्रभक्ति का अमर प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध में हमारे वीर सैनिकों ने विषम परिस्थितियों में अद्वितीय वीरता का परिचय देते हुए देश की सीमाओं की रक्षा की और अपने सर्वोच्च बलिदान से राष्ट्र का गौरव बढ़ाया।
युवाओं से किया आह्वान
मुख्यमंत्री ने कहा कि रन फॉर कारगिल हीरोज़ जैसे आयोजन नई पीढ़ी को देशभक्ति राष्ट्रसेवा और वीर सैनिकों के त्याग से प्रेरित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना
कार्यक्रम का उद्देश्य कारगिल युद्ध के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करना उनके अदम्य साहस और बलिदान को जन-जन तक पहुँचाना तथा युवाओं में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना रहा। इस दौरान प्रशासन सेना पुलिस विभिन्न सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक गरिमामय बना दिया।
मैराथन के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने कारगिल के अमर वीरों को नमन करते हुए उनके बलिदान को सदैव स्मरण रखने और देश की एकता अखंडता एवं सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।