खटीमा : जनपद ऊधम सिंह नगर के खटीमा मुख्य बाजार में शनि मंदिर और उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी शहीद स्मारक के पीछे बनाए गए डंपिंग ज़ोन को लेकर विवाद गहरा गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे धार्मिक आस्था शहीदों के सम्मान और जनस्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए प्रशासन को 10 दिन का अल्टीमेटम दिया है। चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय के भीतर डंपिंग ज़ोन को नहीं हटाया गया तो लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू किया जाएगा।
डंपिंग ज़ोन से प्रदूषण फैला
इस संबंध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि खटीमा के मुख्य बाजार स्थित शनि मंदिर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी शहीद स्मारक वन रेंजर कार्यालय पटवारी कार्यालय और बाजार पुलिस चौकी के समीप बनाए गए डंपिंग ज़ोन के कारण क्षेत्र में लगातार गंदगी दुर्गंध और प्रदूषण फैल रहा है। इससे स्थानीय व्यापारियों श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
यूथ कांग्रेस प्रभारी नरेंद्र आर्य ने कहा कि शनि मंदिर लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है जबकि उत्तराखंड राज्य आंदोलन के शहीदों की स्मृति में बना शहीद स्मारक प्रदेश के इतिहास और बलिदान का प्रतीक है। ऐसे सम्मानित और धार्मिक महत्व वाले स्थल के पीछे कूड़ा डंपिंग ज़ोन बनाया जाना जनभावनाओं के विपरीत है और इसे तत्काल हटाया जाना चाहिए।
नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल
वहीं पूर्व व्यापार मंडल प्रत्याशी अमन अरोड़ा ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्य बाजार जैसे संवेदनशील क्षेत्र में डंपिंग ज़ोन बनाए रखना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने मांग की कि डंपिंग ज़ोन को तत्काल किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए ताकि लोगों को गंदगी और दुर्गंध से राहत मिल सके।
ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि डंपिंग ज़ोन को 10 दिनों के भीतर हटाकर निर्धारित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि तय समय सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं की गई तो व्यापक स्तर पर लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू किया जाएगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और नगर पालिका की होगी।
अधिशासी अधिकारी ईओ को निर्देशित
इधर खटीमा तहसीलदार वीरेंद्र सजवाण ने बताया कि इस संबंध में पहले भी उपजिलाधिकारी को अवगत कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की आवाजाही में हो रही दिक्कतों को देखते हुए नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ईओ को निर्देशित किया जाएगा कि नगर का कूड़ा केवल निर्धारित ट्रेंचिंग ग्राउंड में ही निस्तारित कराया जाए ताकि मुख्य बाजार क्षेत्र में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।