खटीमा के प्राचीन शनि मंदिर और शहीद स्मारक के पास बने नगर पालिका के डंपिंग जोन में मांस मिलने की घटना ने क्षेत्र में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर डंपिंग जोन हटाने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। खटीमा स्थित प्राचीन शनि मंदिर के पीछे नगर पालिका द्वारा बनाए गए डंपिंग जोन में बीते दिन मांस मिलने की घटना सामने आई।
लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत
शनि मंदिर हिंदू आस्था का प्रतीक है और वहीं शहीद स्मारक भी स्थित है जो वीर शहीदों की स्मृति का केंद्र है। ऐसे पवित्र स्थल के पास पूरे शहर का कूड़ा डाले जाने और उसमें मांस मिलने से लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन में मांग की कि डंपिंग जोन में मांस मिलने की घटना की तत्काल निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो। शहीद स्मारक और शनि मंदिर के समीप बने डंपिंग जोन को तुरंत हटाया जाए। भविष्य में धार्मिक स्थलों और शहीद स्मारकों की गरिमा बनाए रखने के लिए ठोस व्यवस्था की जाए।
बॉबी राठौर का आरोप
कांग्रेस प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बॉबी राठौर ने नगर पालिका पर आरोप लगाते हुए कहा कि नगर पालिका की गाड़ी बीती रात मांस और हड्डियों से भरा कूड़ा लाकर मंदिर और शहीद स्मारक के बगल में डंपिंग जोन में डालती है। यह शहीदों और धार्मिक आस्था दोनों का अपमान है। वहीं खटीमा एसडीएम तुषार सैनी ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है। नगर पालिका को कड़ी फटकार लगाते हुए ठेकेदार को नोटिस जारी किया गया है ताकि भविष्य में ऐसी घटना न हो।