आगामी कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने समीक्षा बैठक की। सीडीआर में आयोजित इस बैठक में मेला प्रशासन द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रगति की विस्तृत जानकारी ली गई। बैठक में मेला प्रशासन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कुंभ मेला-2027 से जुड़े सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि कुंभ को दिव्य और भव्य स्वरूप देने के लिए सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करना होगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी निर्माण और विकास कार्यों को अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है जिसे हर हाल में हासिल किया जाएगा।

शंकराचार्यों को आमंत्रण की तैयारी
बैठक के दौरान यह भी बताया गया कि कुंभ मेला को लेकर चारों पीठ के शंकराचार्यों को औपचारिक रूप से आमंत्रण देने की योजना बनाई जा रही है ताकि धार्मिक आयोजन को और अधिक भव्य और पारंपरिक स्वरूप दिया जा सके।
नियमित समीक्षा पर जोर
मंत्री ने कहा कि कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता दोनों पर विशेष ध्यान दिया जाए।
प्रशासन का लक्ष्य है कि कुंभ मेला-2027 को विश्व स्तर पर एक भव्य और सुव्यवस्थित धार्मिक आयोजन के रूप में प्रस्तुत किया जा सके।