बढ़ती गर्मी और गर्मियों की छुट्टियों के बीच देहरादून का प्रसिद्ध लच्छीवाला नेचर पार्क इन दिनों पर्यटकों की पहली पसंद बनता जा रहा है। प्राकृतिक सौंदर्य हरियाली और मनोरंजन की विभिन्न गतिविधियों के कारण यहां रोजाना बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। विशेष रूप से वीकेंड पर पार्क में सैलानियों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।
7 हजार से अधिक पर्यटक पहुंचे
बीते रविवार को लच्छीवाला नेचर पार्क में 7 हजार से अधिक पर्यटक पहुंचे और यहां की खूबसूरत वादियों प्राकृतिक वातावरण तथा विभिन्न गतिविधियों का आनंद लिया। पर्यटन सीजन की शुरुआत के बाद से हर शनिवार और रविवार को यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यही वजह है कि लच्छीवाला नेचर पार्क अब स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहरी राज्यों के पर्यटकों के लिए भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र बन गया है।
पार्क में उत्तराखंड के विभिन्न जिलों के अलावा उत्तर प्रदेश ओडिशा और अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। यहां आने वाले सैलानी प्राकृतिक वातावरण के बीच जल क्रीड़ा बोटिंग एडवेंचर पार्क और अन्य मनोरंजक गतिविधियों का भरपूर आनंद ले रहे हैं। परिवारों और बच्चों के लिए यह स्थान खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
पार्क का वातावरण बेहद मनमोहक
उत्तर प्रदेश के मेरठ से अपने परिवार के साथ घूमने आई एक नन्ही पर्यटक ने बताया कि उन्होंने पहली बार लच्छीवाला नेचर पार्क जैसी खूबसूरत जगह देखी है। उन्होंने कहा कि यहां का वातावरण बेहद मनमोहक है और हर व्यक्ति को एक बार इस स्थान पर जरूर आना चाहिए।
पर्यटकों ने की पार्क की सराहना
वहीं ओडिशा से आए पर्यटकों ने भी लच्छीवाला नेचर पार्क की जमकर सराहना की। उनका कहना था कि पूरे उत्तराखंड का भ्रमण करने के बाद उन्हें लच्छीवाला सबसे खूबसूरत पर्यटन स्थल लगा। उन्होंने कहा कि यहां की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण उन्हें इतना पसंद आया कि वे हर साल यहां आने की इच्छा रखते हैं।
पर्यटकों की बढ़ती संख्या यह दर्शाती है कि लच्छीवाला नेचर पार्क देहरादून के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। गर्मी से राहत प्राकृतिक सौंदर्य और मनोरंजन का अनूठा संगम होने के कारण यह स्थान लगातार पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।