उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर लक्सर की राजनीति में हलचल तेज होने लगी है। लक्सर में सैनी समाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी मजबूत राजनीतिक भागीदारी का ऐलान किया। समाज के प्रतिनिधियों ने स्पष्ट कहा कि इस बार लक्सर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर सैनी समाज अपना दावा पेश करेगा।
महाराजा भागीरथ की भव्य प्रतिमा
उन्होंने कहा कि लक्सर खानपुर और हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में सैनी समाज निर्णायक संख्या में है और उनके सहयोग के बिना किसी भी दल के लिए जीत आसान नहीं होगी। समाज ने लक्सर में महाराजा भागीरथ की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की घोषणा भी की जिसे पूरे सैनी समाज के सहयोग से बनाया जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए डॉ. विजय सैनी ने कहा कि सैनी समाज लंबे समय से राजनीतिक और सामाजिक रूप से सक्रिय भूमिका निभाता आया है। अब समय आ गया है कि समाज को उसकी जनसंख्या और योगदान के अनुरूप राजनीतिक प्रतिनिधित्व मिले। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव 2027 में लक्सर सीट से भाजपा टिकट के लिए सैनी समाज मजबूती के साथ अपनी दावेदारी करेगा।
सैनी समाज की बड़ी भागीदारी
वहीं अखिल भारतीय सैनी महासभा के जिलाध्यक्ष बाबूराम सैनी ने कहा कि लक्सर खानपुर और हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में सैनी समाज की बड़ी भागीदारी है और चुनावी समीकरणों में समाज की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि लक्सर में महाराजा भागीरथ की एक भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी जो समाज की एकता संस्कृति और गौरव का प्रतीक बनेगी।