उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल परिवर्तन संकल्प यात्रा के तहत अपने चंपावत जिले के दो दिवसीय दौरे के तहत चंपावत के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में पहुंचे। लोहाघाट नगर के रामलीला मैदान में लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के नेतृत्व में हुए कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का ढोल नगाड़ों व फूल मालाओ के साथ जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान रामलीला मैदान में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल को सुनने के लिए दूर-दूर क्षेत्र से बड़ी तादात में लोग पहुंचे हुए थे।
स्विट्जरलैंड बनाने की बात झूठी
जनता को संबोधित करते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा सरकार को भ्रष्ट सरकार बताया। उन्होंने कहा भाजपा सरकार में जनता परेशान है युवा बेरोजगारी से तंग होकर सड़कों में चप्पल घिसने को मजबूर है या बाहरी प्रदेशों को पलायन कर रहे हैं। उन्होंने कहा प्रदेश में पुष्कर सिंह धामी की सरकार बुरी तरह फेल हो गई है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री ने चंपावत जिले को स्विट्जरलैंड बनाने की बात कही थी जो पूरी तरह से झूठी साबित हुई। उन्होंने कहा धामी शासन में जनता के साथ-साथ कर्मचारी वर्ग भी काफी परेशान है। भाजपा नेता घोटाले पर घोटाले करने में लगे हुए हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने ऐलान करते हुए कहा अगर कांग्रेस की सरकार आती है तो सबसे पहले अग्नि वीर योजना को समाप्त करेंगे पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल की जाएगी। उन्होंने कहा 20 से 25 वर्षों से सेवा दे रहे प्राथमिक शिक्षकों को टीईटी करने का तुगलकी फरमान सुना दिया गया है। कहा कांग्रेस की सरकार आने पर टेट की बाध्यता को समाप्त किया जाएगा।
2027 में उत्तराखंड में परिवर्तन
उन्होंने कहा जनता ने 2027 में उत्तराखंड में परिवर्तन का मन बना लिया है 2027 में उत्तराखंड में पूर्ण बहुमत से कांग्रेस की सरकार आने जा रही है। कहा चंपावत जिले में विकास कार्यों के नाम पर भ्रष्टाचार का खेल खेला जा रहा है।नदियों से अवैध खनन चरम पर है पर कोई अधिकारी बोलने व कार्रवाई करने तक को तैयार नहीं है। उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी वीर कालू सिंह महरा की धरती लोहाघाट विधानसभा से लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के हाथों को मजबूत करने की अपील की।कहा चंपावत की दोनों सीटें कांग्रेस जीतने जा रही है। उन्होंने भाजपा को भ्रष्टाचारियों की सरकार बताया। उन्होंने कहा परिवर्तन संकल्प यात्रा का आगाज चंपावत जिले से किया गया है।
भाजपा सरकार में प्रदेश की जनता परेशान
वही लोहाघाट विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के साथ-साथ धारचूला विधायक हरीश सिंह धामी चंपावत के पूर्व विधायक हिमेश खर्कवाल सहित अन्य कांग्रेसी नेताओं ने भाजपा सरकार पर जमकर आरोप लगाते हुए कहा भाजपा सरकार में प्रदेश की जनता काफी परेशान है विकास कार्य सिद्ध कागजों पर चल रहे हैं और जो चल रहे हैं उन पर भाजपा नेताओं के द्वारा जमकर भ्रष्टाचार किया जा रहा है। अधिकारी जनता की समस्याओं को सुनाने तक के लिए तैयार नहीं है उन्होंने कहा 2027 में जनता के सहयोग से उत्तराखंड में परिवर्तन होने जा रहा है तथा कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कांग्रेसी नेता शैलेंद्र राय का रहा।