चंपावत जिले के लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय से शासन के द्वारा एक साथ आठ चिकित्सकों का स्थानांतरण किया गया है जिनमे में चार विशेषज्ञ चिकित्सक भी शामिल है तथा उनके बदले अभी तक कोई प्रतिस्थानी नहीं भेजा गया है। शासन के द्वारा लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में तैनात आठ चिकित्सकों का स्थानांतरण कर दिया गया है। एक साथ आठ चिकित्सकों के स्थानांतरण पर लोहाघाट विकास संघर्ष समिति ने गहरी नाराजगी जताते हुए समिति अध्यक्ष विपिन गोरखा के नेतृत्व में चिकित्सकों के स्थानांतरण को रोकने की मांग को लेकर शासन प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
विपिन गोरखा ने दी चेतावनी
समिति अध्यक्ष विपिन गोरखा ने कहा उप जिला चिकित्सालय में शासन के द्वारा विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की गई थी। जिसके चलते क्षेत्र की गरीब जनता को बेहतर उपचार अस्पताल में मिल रहा था। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा पर सरकार को यह रास नहीं आया और एक साथ चार विशेषज्ञ चिकित्सकों सहित आठ चिकित्सकों का स्थानांतरण कर दिया गया है। विपिन गोरखा ने चेतावनी देते हुए कहा जब तक चिकित्सकों का स्थानांतरण नहीं रोका जाता है लोहाघाट विकास संघर्ष समिति लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में अनिश्चितकालीन धरना शुरू करेगी। तथा जनता को साथ लेकर आंदोलन शुरू किया जाएगा जिसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा सरकार की होगी।
कांग्रेस प्रवक्ता महेश ढेक ने दिया समर्थन
उन्होंने कहा दूर-दूर क्षेत्र से लोहाघाट अस्पताल में जनता उपचार के लिए आती है पर सरकार के द्वारा चिकित्सकों का स्थानांतरण कर जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा वह सरकार के इस फैसले का विरोध करते है। इस दौरान कांग्रेस प्रवक्ता डॉक्टर महेश ढेक के द्वारा लोहाघाट विकास संघर्ष समिति के आंदोलन को अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा इस जनहित के आंदोलन में कांग्रेस अपना समर्थन लोहाघाट विकास संघर्ष समिति को देती है। वही जनता ने भी व्यवहार विकास संघर्ष समिति के आंदोलन को जनहितकारी बताया