लोहाघाट : स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर नगर पालिका सभागार लोहाघाट में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने की जबकि संचालन जीवन गहतोड़ी ने किया। बैठक में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई और कार्यक्रमों को व्यवस्थित एवं भव्य बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सुझाव
बैठक में एसडीएम लोहाघाट के साथ नगर के विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधि व्यापार संघ के पदाधिकारी जनप्रतिनिधि तथा पुलिस फायर और चिकित्सालय विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव दिए।
बैठक में विशेष रूप से 15 अगस्त को निकलने वाली भव्य प्रभात फेरी को लेकर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि इस बार प्रभात फेरी में पूर्व सैनिकों एनसीसी कैडेट्स के साथ-साथ नगर के समस्त विद्यालयों के छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। प्रभात फेरी को पिछले वर्षों की तरह सरस्वती शिशु मंदिर मैदान से प्रारंभ किया जाएगा।
सुबह 6 बजे से यातायात रहेगा प्रतिबंधित
प्रभात फेरी को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए यातायात व्यवस्था को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। 15 अगस्त की सुबह 6 बजे से प्रभात फेरी समाप्त होने तक जयंती भवन से वीर कालू सिंह चौराहे तक सभी छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान पुलिस विभाग और व्यापार संघ की ओर से प्रभात फेरी को व्यवस्थित कराने में सहयोग किया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने बताया कि प्रभात फेरी में शामिल होने वाले सभी छात्र-छात्राओं के लिए नगर पालिका लोहाघाट की ओर से जलपान की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रभात फेरी को भव्य एवं आकर्षक बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
विद्यालयों और विभागों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
बैठक के दौरान प्रभात फेरी को व्यवस्थित करने को लेकर मौजूद सभी लोगों की राय ली गई। एसडीएम लोहाघाट ने सभी विद्यालयों और संबंधित विभागों को स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा यातायात और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
9 बजे से होगी क्रॉस कंट्री दौड़
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रभात फेरी के अलावा सुबह 9 बजे से मीना बाजार चौराहे से क्रॉस कंट्री दौड़ का भी आयोजन किया जाएगा। बैठक में इस आयोजन को लेकर भी आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की गई।
पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए नगर पालिका की ओर से पूरी तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रभात फेरी में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ इसे भव्य और व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस विभाग व्यापार संघ विद्यालयों और अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।
बैठक में मौजूद सभी प्रतिनिधियों ने स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।