जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार के निर्देशानुसार लोहाघाट नगर में पेयजल संकट से निपटने के लिए विभाग द्वारा लगातार राहत एवं आपूर्ति कार्य संचालित किए जा रहे हैं। वर्तमान में विभिन्न योजनाओं में जलस्राव कम होने के कारण उत्पन्न कमी की पूर्ति के लिए 7 अतिरिक्त टैंकरों के माध्यम से मुख्य भंडारण टैंकों में पानी भरकर उपभोक्ताओं को प्रतिदिन 40 से 50 मिनट तक पाइप्ड पेयजल आपूर्ति उपलब्ध कराई जा रही है।
रोस्टर के अनुसार पेयजलापूर्ति सुचारू रूप से संचालित
नगर के लगभग 40 प्रतिशत क्षेत्र में एक दिन के अंतराल पर नियमित पेयजलापूर्ति सुनिश्चित की जा रही है जबकि शेष क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से एक दिन के अंतराल पर पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लगातार टैंकर संचालन किया जा रहा है। विभाग द्वारा जानकारी दी गई है कि 30 मई 2026 तक सम्पूर्ण नगर में रोस्टर के अनुसार एक दिन के अंतराल पर पेयजलापूर्ति सुचारू रूप से संचालित कर दी जाएगी। इसके अतिरिक्त नगरवासियों को राहत प्रदान करने के लिए नगर में स्थापित 11 सोलर हैंडपंप एवं 24 हस्तचालित हैंडपंपों के माध्यम से भी पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है जिससे आमजन को काफी सुविधा मिल रही है।
25 हैंडपंप विभिन्न जगहों पर स्थापित
जिलाधिकारी चंपावत मनीष कुमार ने बताया लोहाघाट नगर जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति की जा रही है। जिलाधिकारी ने बताया मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर पहले चरण में 25 हैंडपंप विभिन्न जगहों पर स्थापित करने की कार्रवाई जारी है तथा दूसरे चरण में भी 50 हैंड पंपो को स्वीकृति मिल चुकी है तथा जिन स्थानों पर भी पेयजल की किल्लत हो रही है जल संस्थान को वहां टैंकरो के माध्यम से जला पूर्ति करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। तथा क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत के लिए धनराशि जारी कर दी गई है जिन पर कार्य चल रहा है। तथा जल निगम व जल संस्थान के अधिकारियों को पेयजल समस्या का तुरंत समाधान करने के लिए भी निर्देशित किया गया है।
जिलाधिकारी ने कहा जिन भी क्षेत्र में पानी की समस्या आ रही हो तत्काल जल संस्थान व जल निगम कार्यालय में अपनी शिकायत दर्ज कर सकते हैं जिस पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा प्रशासन का पूरा प्रयास है जनता को पेयजल समस्या का सामना न करना पड़े।