लोहाघाट नगर में हो रही पेयजल किल्लत तथा सरयू लिफ्ट योजना निर्माण कार्य में कोई प्रगति न होने पर लोहाघाट विकास संघर्ष समिति ने गहरी नाराजगी जताई है। लोहाघाट विकास संघर्ष समिति अध्यक्ष विपिन गोरखा के नेतृत्व में समिति सदस्य निर्माण कार्य में हो रही देरी तथा नगर में हो रहे पेयजल संकट का विरोध जताने के लिए खाली बर्तनों के साथ पानी भरने 35 किलोमीटर दूर सरयू लिफ्ट योजना निर्माण स्थल पहुंचे। जहां उन्होंने सरयू नदी से खाली बर्तनों में पानी भरा।
जनता नौलो धारो से पानी ढोने को मजबूर
लोहाघाट विकास संघर्ष समिति अध्यक्ष विपिन गोरखा व समिति सदस्यो ने बताया लोहाघाट नगर में गर्मी के मौसम में पेयजल का गंभीर संकट बना हुआ है लोगों को तीन से चार दिन में नाम मात्र का पानी उपलब्ध जल संस्थान के द्वारा कराया जा रहा है। जनता नौलो धारो व हैंड पंपो से पानी ढोने को मजबूर है। गोरखा ने कहा संघर्ष समिति के प्रयासों व जनता की मांग पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नगर की पेयजल समस्या के समाधान के लिए सरयू लिफ्ट पेयजल योजना निर्माण को स्वीकृति दी थी। पर अभी तक योजना निर्माण में धरातल में कोई भी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा नगर वासी पेयजल के लिए काफी परेशान है।
निर्माण का कार्य शुरू करने की मांग
उन्होंने शासन प्रशासन से जल्द से जल्द सरयू लिफ्ट योजना निर्माण का कार्य शुरू करने की मांग की है। इस दौरान लोहाघाट विकास संघर्ष समिति ने सरयू नदी के किनारे सरयू लिफ्ट योजना निर्माण की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की। कहा अगर जल्द योजना पर निर्माण कार्य शुरू नहीं किया जाता है तो लोहाघाट विकास संघर्ष समिति जनता को लेकर एक बार फिर से आंदोलन शुरू कर देगी जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की रहेगी विपिन गोरखा ने कहा जल्द से जल्द सरयू लिफ्ट योजना का निर्माण हो और जनता को जल्द से जल्दी इसका लाभ मिले। फिलहाल लोहाघाट नगर गंभीर पेयजल संकट से जूझ रहा है।