चंपावत : जिले के लोहाघाट पोस्ट ऑफिस के द्वारा लोगों को समय से डाक पहुंचने के साथ-साथ अब स्थानीय उत्पादों को देश-विदेश में बैठे लोगों तक पहुंचाने का बेहतर कार्य किया जा रहा है। डाक विभाग लोहाघाट के इस कार्य से स्थानीय स्तर पर बनने वाले उत्पाद देश विदेश पहुंच रहे हैं जिससे स्थानीय उत्पादकों को रोजगार के अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
महिलाओं ने तैयार की राखियां
डाक विभाग के मार्केटिंग एग्जीक्यूटिव राकेश बोरा ने बताया लोहाघाट डाकघर अब सिर्फ डाक पहुंचने तक सीमित नहीं रह गया है स्थानीय स्तर पर बनने वाले उत्पादों को डाकघर देश-विदेश तक पहुंचा कर स्थानीय उद्यमियों की मदद कर रहा है तथा देश विदेश से आने वाले पार्सलों को भी डाक विभाग ग्राहकों तक पहुंचा रहा है। बोरा ने बताया क्षेत्र की समूह की महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए डाक विभाग के द्वारा महिलाओं के द्वारा तैयार की गई राखियो व टेडी बियर का स्टाल डाक खाने के भीतर लगाया गया है। जिस कारण डाकघर आने वाले ग्राहक महिला समूह की महिलाओं से राखी खरीद कर अपने परिजनों और शुभचिंतकों को भेज रहे हैं। जिससे महिला समूह की आय में वृद्धि हो रही है।
डाक के लिए विशेष छूट
बोरा ने बताया उच्च अधिकारियों के निर्देश पर पोस्ट ऑफिस में राखी डाक के लिए विशेष छूट योजना चलाई गई है जिसमें रक्षाबंधन के अवसर पर अधिक से अधिक ग्राहकों को स्पीड पोस्ट के माध्यम से राखी भेजने हेतु प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्पीड पोस्ट के अंतर्गत बुक की जाने वाली राखी मेल पर डाक शुल्क में 10% की विशेष छूट प्रदान की जा रही है। उन्होंने बताया यह सुविधा प्रत्येक वर्ष रक्षाबंधन से 15 दिन पूर्व ग्राहकों को उपलब्ध होती है। उन्होंने ग्राहकों से अपील करते हुए कहा आप भी अपने कोई उत्पाद या पार्सल देश के साथ विदेश में भी भेजना चाहते हैं तो डाकघर लोहाघाट की विश्वसनीय सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।
जनता को मिली सुविधा
वही राखी का स्टाल है लगाने वाली महिला समूह की महिलाओं ने कहा डाक विभाग के द्वारा उनकी काफी मदद की जा रही है डाक विभाग में लगे स्टाल की वजह से उनकी राखी हाथों-हाथ बिक रही है जिसके लिए वह डाक विभाग लोहाघाट को धन्यवाद देती है। फिलहाल डाक विभाग की सेवाओं से जनता को काफी सुविधा मिल रही है।