चंपावत जिले के लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय से शासन के द्वारा एक साथ चार विशेषज्ञ चिकित्सकों का स्थानांतरण किया गया है। तथा उनके बदले अभी तक कोई प्रतिस्थानी नहीं भेजा गया है। शासन के द्वारा लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में तैनात स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर मोनिका गिरी बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर ज्ञान प्रकाश छाती रोग विशेषज्ञ डॉक्टर रविंद्र सिंह बोहरा तथा निश्चेतक डॉक्टर चित्रलेखा बोहरा का स्थानांतरण कर दिया गया है।
खुशाल सिंह अधिकारी की नाराजगी
एक साथ चार विशेषज्ञ चिकित्सकों के स्थानांतरण पर लोहाघाट के कांग्रेसी विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने गहरी नाराजगी जताते हुए कहा उनके प्रयासों से लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में शासन के द्वारा विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की गई थी। जिसके चलते क्षेत्र की गरीब जनता को बेहतर उपचार अस्पताल में मिल रहा था। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा पर सरकार को यह रास नहीं आया और एक साथ चार विशेषज्ञ चिकित्सकों का स्थानांतरण कर दिया गया है। लोहाघाट विधायक अधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा अगर विशेषज्ञ चिकित्सकों का स्थानांतरण नहीं रोका गया तो वह जनता को साथ लेकर आंदोलन शुरू कर देंगे जिसकी पूरी जिम्मेदारी भाजपा सरकार की होगी।
विधायक ने जाना भर्ती मरीजों का हाल-चाल
उन्होंने कहा दूर-दूर क्षेत्र से लोहाघाट अस्पताल में जनता उपचार के लिए आती है पर सरकार के द्वारा विशेषज्ञ चिकित्सकों का स्थानांतरण कर जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा वह सरकार के इस फैसले का विरोध करते है। इस दौरान लोहाघाट विधायक के द्वारा लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों का हाल-चाल जानकर चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली गई तथा बेहतर उपचार करने के निर्देश दिए गए।