उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश अब लोगों की मुश्किलें बढ़ाती जा रही है। लक्सर क्षेत्र में जलभराव और जर्जर सड़कों के कारण हादसों का खतरा लगातार बढ़ रहा है। इसी बीच लक्सर के दुर्गापुर गांव से खबर सामने आई जहां स्कूली बच्चों से भरी एक बस सड़क से फिसलकर गहरे गड्ढे में जा धंसी। गनीमत रही कि समय रहते स्थानीय लोगों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
बच्चों में मची चीख-पुकार
मामला लक्सर के दुर्गापुर गांव का है जहां जगदंमनी पब्लिक स्कूल की बस बच्चों को लेकर जा रही थी। लगातार बारिश के कारण सड़क फिसलन भरी हो गई थी। इसी दौरान बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे में धंस गई। बस के एक तरफ झुकते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। लोगों ने तत्काल बस को पलटने से बचाया और कड़ी मशक्कत के बाद सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना प्रशासन के लिए चेतावनी
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक भी घटनास्थल पर पहुंच गए। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी छात्र को चोट नहीं आई लेकिन घटना ने एक बार फिर बारिश के मौसम में जर्जर और फिसलन भरी सड़कों की गंभीर स्थिति को उजागर कर दिया है। फिलहाल सभी बच्चे सुरक्षित हैं लेकिन यह घटना प्रशासन के लिए भी चेतावनी है कि बारिश के मौसम में स्कूल वाहनों की आवाजाही वाले मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।