सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र CHC मंगलौर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब एक मरीज को उचित इलाज न मिलने को लेकर पूर्व नगर पालिका चेयरमैन चौधरी इस्लाम और एक चिकित्सक के बीच तीखी बहस और कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति पैदा हो गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
काजी निजामुद्दीन पहुंचे अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन भी अस्पताल पहुंचे और स्वास्थ्य केंद्र में चल रही व्यवस्थाओं पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के दावों के बावजूद आम जनता को बुनियादी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए परेशान होना पड़ रहा है जो गंभीर चिंता का विषय है। विवाद के दौरान मरीज शहाब की पत्नी ने भी अस्पताल कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि स्टाफ द्वारा उनके साथ अभद्रता की गई और मरीज को समय पर उचित उपचार नहीं दिया गया जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
व्यवस्थाओं को लेकर शिकायतें
स्थानीय लोगों का कहना है कि CHC में अक्सर व्यवस्थाओं को लेकर शिकायतें मिलती रहती हैं लेकिन इस बार मामला सार्वजनिक रूप से विवाद तक पहुंच गया। वहीं अस्पताल प्रशासन की ओर से अभी तक इस पूरे मामले पर आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। घटना के बाद स्वास्थ्य केंद्र की कार्यप्रणाली और व्यवस्था पर कई सवाल खड़े हो गए हैं।