प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर में मंदिर व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से एक नई पहल की गई है। मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी महाराज ने मंदिर के सभी पुजारियों और कर्मचारियों को बिना जेब वाले वस्त्र वितरित किए हैं।
महंत रवींद्र पुरी की घोषणा
महंत रवींद्र पुरी महाराज ने बताया कि उन्होंने पहले ही घोषणा की थी कि मनसा देवी मंदिर में कार्यरत सभी कर्मचारी और पुजारी बिना जेब वाले वस्त्र पहनकर ही अपनी सेवाएं देंगे। इसी क्रम में उन्होंने मंदिर पहुंचकर सभी कर्मचारियों और पुजारियों को बिना जेब वाले कपड़े भेंट किए।
उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर में सुरक्षा और निगरानी के लिए जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं लेकिन इसके बावजूद व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है। उनका उद्देश्य है कि मंदिर में आने वाले दान या अन्य सामग्री को लेकर किसी भी प्रकार का आरोप या संदेह उत्पन्न न हो।
श्रद्धालुओं ने दिया दान
महंत रवींद्र पुरी ने कहा कि कई बार श्रद्धालुओं की ओर से दान दिया जाता है इसलिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि कोई भी व्यक्ति दान राशि या अन्य वस्तु को अपने पास न रख सके। इसी कारण पुजारियों और कर्मचारियों के लिए बिना जेब वाले वस्त्र पहनना अनिवार्य किया गया है।
उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था मंदिर की गरिमा श्रद्धालुओं के विश्वास और पारदर्शिता को बनाए रखने के लिए लागू की गई है। मंदिर ट्रस्ट की ओर से भविष्य में भी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे।