हरिद्वार के लक्सर से खबर सामने आ रही है जहां मत्स्य पालन के नाम पर अवैध खनन का बड़ा खेल चलने का आरोप लगा है खानपुर-बरहमपुर क्षेत्र में कृषि भूमि पर तालाब निर्माण की आड़ में भारी मशीनों से गहरी खुदाई की जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां से बड़ी मात्रा में रेत और पत्थर निकालकर स्टोन क्रेशरों तक पहुंचाया जा रहा है और पूरा खेल प्रशासन की आंखों के सामने चल रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप
लक्सर तहसील के खानपुर बरहमपुर इलाके में कृषि भूमि पर कथित तौर पर मत्स्य पालन के लिए करीब 20 फीट गहरे तालाब की खुदाई की जा रही है। लेकिन मौके से सामने आए वीडियो और स्थानीय सूत्रों की मानें तो यह केवल तालाब निर्माण नहीं बल्कि बड़े पैमाने पर अवैध खनन का मामला दिखाई दे रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पोकलेन और जेसीबी जैसी भारी मशीनें लगातार खुदाई में लगी हुई हैं। मौके पर कई डंपर भी मौजूद हैं जिनके जरिए रेत और पत्थर को बाहर ले जाकर स्टोन क्रेशरों तक पहुंचाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि दिन-रात चल रही इस खुदाई से सरकार को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
एसडीएम लक्सर अनिल कुमार शुक्ला से सवाल
जानकारी के मुताबिक मत्स्य पालन के लिए तय मानकों से कहीं अधिक गहराई तक खुदाई की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि सामान्य मत्स्य पालन गतिविधि में इस स्तर की खुदाई की अनुमति नहीं होती। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में मिट्टी रेत और पत्थर कहां जा रहा है और किसकी अनुमति से यह पूरा खेल संचालित हो रहा है वहीं जब इस पूरे मामले पर एसडीएम लक्सर अनिल कुमार शुक्ला से सवाल किया गया तो वह मीडिया के कैमरे पर गोलमोल जवाब देते नजर आए। हालांकि प्रशासन जांच की बात जरूर कर रहा है फिलहाल लक्सर के बरहमपुर गांव में मत्स्य पालन की आड़ में चल रहे कथित अवैध खनन ने कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।