पर्यटन नगरी मसूरी में लंबे समय से बनी ट्रैफिक जाम की समस्या से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। उत्तराखंड मेट्रो रेल कॉरपोरेशन यूएमआरसीएल की ओर से मसूरी में पांच नई रोपवे परियोजनाओं पर काम शुरू करने की तैयारी की जा रही है। वहीं पुरकुल-मसूरी रोपवे परियोजना भी अपने अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।
राजेश कुमार ने किया निरीक्षण
सचिव आवास एवं शहरी विकास डॉ. आर. राजेश कुमार ने मसूरी में प्रस्तावित रोपवे परियोजनाओं के स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ विभिन्न स्थानों का जायजा लेते हुए परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों के अनुसार इन परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट डीपीआर तैयार की जा चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
प्रस्तावित रोपवे परियोजनाओं में पहली रोपवे ईएसआई डिस्पेंसरी कैमल बैक रोड से जॉर्ज एवरेस्ट तक दूसरी ईएसआई डिस्पेंसरी कैमल बैक रोड से लाल टिब्बा तक तीसरी भनोट स्टेट से केम्प्टी फॉल तक चौथी मल्टीलेवल कार पार्किंग किंक्रेग से चिक चॉकलेट माल रोड तक तथा पांचवीं हाइलैंड स्टेट से कंपनी गार्डन तक प्रस्तावित है।
पर्यटकों को मिलेगी सुविधा
इन सभी रोपवे परियोजनाओं के शुरू होने से पर्यटकों और स्थानीय लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही माल रोड और अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर वाहनों का दबाव कम होने से ट्रैफिक जाम की समस्या में भी काफी हद तक कमी आने की उम्मीद है।
हालांकि स्थानीय लोगों का कहना है कि रोपवे परियोजनाओं का स्वागत है लेकिन मसूरी में पार्किंग की समस्या भी गंभीर बनी हुई है। उनका मानना है कि यदि रोपवे परियोजनाओं के साथ-साथ सड़कों का चौड़ीकरण और नई पार्किंग सुविधाओं का विकास भी किया जाता है तो इससे पर्यटन को और बढ़ावा मिलेगा तथा शहर को जाम की समस्या से स्थायी राहत मिल सकेगी।
परियोजना के संबंध में जनप्रतिनिधियों से चर्चा
सचिव आवास एवं शहरी विकास डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि प्रस्तावित रोपवे परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं का पूर्व में सर्वे भी कराया जा चुका है। लगभग 11.7 किलोमीटर लंबी इस महत्वाकांक्षी परियोजना के संबंध में स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी चर्चा की जाएगी और उनके सुझावों को शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न स्थानों पर आधुनिक पार्किंग सुविधाओं के विकास की भी योजना बनाई जा रही है।
सरकार का मानना है कि रोपवे परियोजनाओं के पूरा होने के बाद मसूरी में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी पर्यटन को नया आयाम मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।