मसूरी : लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते मसूरी-देहरादून मार्ग पर पानी वाले बैंड के समीप सड़क का एक हिस्सा धंस जाने से यातायात बाधित हो गया था। मार्ग बंद होने के बाद लोक निर्माण विभाग पीडब्ल्यूडी और मसूरी वन प्रभाग की टीम ने संयुक्त रूप से पहाड़ी का एक हिस्सा काटकर अस्थायी रास्ता तैयार किया और आवागमन शुरू कराया। हालांकि कुछ ही देर बाद मार्ग पर एक पेड़ गिर जाने से यातायात फिर से बाधित हो गया।
पेड़ हटाने का कार्य
इसके बाद विभागीय टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पेड़ और मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। जेसीबी मशीनों की सहायता से सड़क से अवरोध हटाए गए जिसके बाद मसूरी-देहरादून मार्ग को एक बार फिर छोटे और बड़े सभी वाहनों के लिए खोल दिया गया है।
लगातार हो रही भारी बारिश के कारण मसूरी शहर की कई सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। लोक निर्माण विभाग की टीमें विभिन्न स्थानों पर जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने और मार्गों को सुचारु रखने में जुटी हुई हैं। विभाग द्वारा संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी भी रखी जा रही है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
राजेश कुमार ने किया निरीक्षण
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मार्ग की 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जहां भी पहाड़ी से मलबा गिरने की आशंका हो वहां तत्काल सफाई कर यातायात सुचारु रखा जाए।
भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में निगरानी
अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि विगत दिवस हुई मूसलाधार बारिश के कारण सड़क का एक हिस्सा ध्वस्त हो गया था। इसके बाद विभाग ने जेसीबी मशीनों की सहायता से पहाड़ी को काटकर वैकल्पिक रास्ता तैयार किया ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि वर्तमान में मार्ग छोटे-बड़े सभी वाहनों के लिए खोल दिया गया है। साथ ही जिन स्थानों पर भूस्खलन या अन्य खतरे की संभावना बनी हुई है वहां लगातार निगरानी रखी जा रही है और स्थायी सुरक्षा उपायों ट्रीटमेंट के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
बारिश के मौसम को देखते हुए प्रशासन और लोक निर्माण विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सावधानी बरतें तथा मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही सफर करें।