पहाड़ों की रानी मसूरी से इस समय बड़ी खबर सामने आ रही है। मसूरी-कोलूखेत झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कार में चार लोग सवार थे।
एसडीआरएफ मौके के लिए रवाना
हादसे की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस एसडीआरएफ State Disaster Response Force और 108 एंबुलेंस की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हो गई। बताया जा रहा है कि वाहन सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिरा है। खाई का क्षेत्र घनी झाड़ियों और दुर्गम भू-भाग वाला होने के कारण राहत और बचाव कार्य में टीम को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। हालांकि खाई की गहराई अधिक होने और रास्ता बेहद कठिन होने के कारण अभी तक वाहन तक पहुंचना भी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

प्रशासन की टीम ने लिया हालात का जायजा
एसडीआरएफ की टीम रस्सियों और विशेष उपकरणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करने की तैयारी में जुटी हुई है। फिलहाल कार सवारों की स्थिति के बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रही है और राहत कार्य में हर संभव मदद सुनिश्चित कर रही है। स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि जैसे ही वाहन तक पहुंचा जाएगा घायल या फंसे हुए लोगों को तुरंत सुरक्षित निकालने की कोशिश की जाएगी। ग्रामीण और पर्यटक इलाके में खड़े होकर प्रशासन की टीम के रेस्क्यू प्रयासों का इंतजार कर रहे हैं। मौके पर लगातार अपडेट मिल रहे हैं और प्रशासन ने क्षेत्र में लोगों से संयम बनाए रखने की अपील की है। हादसे के कारण मार्ग बंद होने से यातायात प्रभावित हो सकता है।