मसूरी : लगातार हो रही बारिश के बीच मसूरी में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एसडीएम कार्यालय परिसर स्थित सरकारी आवासों में से एक आवास पर अचानक पहाड़ी का बड़ा हिस्सा टूटकर गिर गया। भारी चट्टान पत्थर की दीवार को तोड़ते हुए कमरे तक पहुंच गई। हादसे के समय कमरे में कर्मचारी गोविंद सिंह नेगी उनकी पत्नी और छोटा बच्चा मौजूद थे। गनीमत रही कि पूरा परिवार सुरक्षित बच गया हालांकि उनकी पत्नी को मामूली चोट आई है।
तेज धमाके की आवाज
कर्मचारी गोविंद सिंह नेगी ने बताया कि घटना के समय अचानक तेज धमाके जैसी आवाज हुई और देखते ही देखते पहाड़ी से टूटी भारी चट्टान सीधे कमरे की दीवार से टकरा गई। उन्होंने कहा कि यदि आवास की दीवार पत्थर की जगह ईंट की होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के बाद परिवार में दहशत का माहौल है।
गोविंद सिंह ने बताया कि एसडीएम कार्यालय परिसर में अंग्रेजों के समय के बने पुराने और जर्जर सरकारी आवासों में करीब पांच परिवार रह रहे हैं। बरसात के मौसम में यहां अक्सर पहाड़ी से पत्थर गिरने की घटनाएं होती रहती हैं जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है।
एसडीएम ने किया निरीक्षण
घटना की जानकारी एसडीएम राहुल आनंद को दी गई जिसके बाद उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। कर्मचारियों ने एसडीएम से जर्जर सरकारी भवनों के पुनर्निर्माण और आवासों के पीछे दरक रही पहाड़ी का वैज्ञानिक तरीके से ट्रीटमेंट कराने की मांग की है।
कर्मचारियों का कहना है कि हर साल बारिश के दौरान पहाड़ी से पत्थर गिरने का खतरा बना रहता है। यदि समय रहते सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं किए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पुराने आवासों की स्थिति की जांच कर जल्द से जल्द मरम्मत और सुरक्षा कार्य शुरू किए जाएं ताकि वहां रहने वाले परिवारों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।