मसूरी : लगातार हो रही मूसलाधार बारिश का असर अब पर्यटन नगरी मसूरी में गंभीर रूप से दिखाई देने लगा है। मसूरी-देहरादून मार्ग पर मैगी प्वाइंट के ऊपर अचानक भारी भूस्खलन हो गया जिससे एक दुकान का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। भूस्खलन के कारण मसूरी-देहरादून मुख्य मार्ग भी पूरी तरह बाधित हो गया है।
लोगों की बढ़ी मुश्किलें
लगातार बारिश के चलते जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पहले से बंद पड़े किमाड़ी मार्ग के बाद अब मुख्य मसूरी-देहरादून मार्ग के बाधित होने से लोगों और पर्यटकों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
मैगी प्वाइंट संचालक ऋषभ पंवार ने बताया कि देर रात तेज बारिश के बीच अचानक जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। जब उन्होंने बाहर आकर देखा तो उनकी दुकान के ऊपर की पहाड़ी का बड़ा हिस्सा धंस चुका था और लगातार मलबा नीचे गिर रहा था। उन्होंने आशंका जताई कि क्षेत्र में बादल फटने जैसी घटना हुई हो सकती है।
ऋषभ पंवार का आरोप
ऋषभ पंवार ने आरोप लगाया कि इस स्थान पर पहले भी भूस्खलन हो चुका था लेकिन लोक निर्माण विभाग PWD ने सुरक्षा के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। न तो यहां सुरक्षा दीवार पुश्ता का निर्माण कराया गया और न ही ढलान को सुरक्षित करने के लिए कोई अन्य व्यवस्था की गई जिसके चलते यह हादसा हुआ।
वहीं पहाड़ी टैरेस के मालिक दीपक रावत ने भी बताया कि उन्होंने देर रात तेज धमाके की आवाज सुनी थी। उनका भी मानना है कि अत्यधिक वर्षा के कारण क्षेत्र में बादल फटने जैसी स्थिति बनी हो सकती है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि प्रशासन की जांच के बाद ही हो सकेगी।
संबंधित विभाग ने बनाई स्थिति पर नजर
फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। लगातार बारिश के मद्देनजर लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।