मसूरी: लगातार बारिश के बीच पानी वाला बैंड के समीप मसूरी-देहरादून मार्ग का एक हिस्सा धंस जाने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सड़क धंसने के कारण कई घंटों तक वाहनों की आवाजाही बाधित रही और लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ा। प्रशासन ने पूरी रात जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने और मार्ग को यातायात योग्य बनाने का अभियान चलाया।
अनुज गुप्ता का आरोप
बताया जा रहा है कि यह सड़क कुछ ही महीने पहले आपदा के बाद दोबारा बनाई गई थी लेकिन पहली ही बड़ी बारिश में सड़क धंस जाने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं पूर्व पालिकाध्यक्ष अनुज गुप्ता ने लोक निर्माण विभाग पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए उन्होंने कहा कि पिछली आपदा के बाद इस सड़क के निर्माण में भारी अनियमितताएं हुईं जिसके कारण महज छह महीने में ही सड़क ध्वस्त हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में कई विकास कार्यों में केवल लीपापोती की गई है। साथ ही उन्होंने कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी पर भी विभाग को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
किमाड़ी मार्ग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त
वहीं एसडीएम राहुल आनंद ने बताया कि प्रशासन लोक निर्माण विभाग और अन्य एजेंसियों ने पूरी रात राहत कार्य चलाया जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क को फिलहाल वन-वे यातायात के लिए तैयार कर दिया गया है उन्होंने कहा कि सुरक्षा को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है एसडीएम ने यह भी बताया कि वैकल्पिक किमाड़ी मार्ग भी कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है ऐसे में देहरादून से मसूरी आने वाले यात्रियों को फिलहाल मालदेवता–सुवाखोली मार्ग अथवा चंबा-टिहरी रूट का उपयोग करने की सलाह दी गई है जब तक मुख्य मार्ग पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जाता