पहाड़ों की रानी मसूरी में पर्यटन बढ़ने के साथ-साथ उपद्रव और मारपीट की घटनाएं भी चिंता का विषय बनती जा रही हैं। देर रात मॉल रोड क्षेत्र में एक पर्यटक द्वारा स्थानीय महिला और उसके पति पर प्लास्टिक के क्रेट से हमला किए जाने की घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया।
हरियाणा पर्यटकों की कहासुनी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देर रात किसी बात को लेकर हरियाणा से आए एक पर्यटक और स्थानीय दंपति के बीच कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी पर्यटक ने पास की दुकान से प्लास्टिक का क्रेट उठाकर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में क्रेट का जोरदार वार महिला के सिर पर लगा जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ी।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने महिला के पति पर भी कई बार हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य लोगों पर भी आरोपी ने हमला करने की कोशिश की जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।
आरोपी युवक को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी हरियाणा का निवासी है और घटना के समय वह नशे की हालत में बताया जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घायल महिला को तुरंत उप जिला चिकित्सालय मसूरी ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। चिकित्सकों की निगरानी में महिला का इलाज जारी है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें आरोपी का आक्रामक व्यवहार और महिला पर हमला साफ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
मसूरी की अर्थव्यवस्था पर्यटन पर आधारित
स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों का कहना है कि मसूरी की अर्थव्यवस्था पर्यटन पर आधारित है और यहां आने वाले पर्यटकों का हमेशा स्वागत किया जाता है लेकिन कुछ शराबी और असामाजिक तत्व पर्यटन की आड़ में शहर का माहौल खराब कर रहे हैं।
लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई न होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि नशे में उत्पात मचाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए ताकि मसूरी की शांत और सुरक्षित पहचान बनी रहे।